लखनऊ , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश के आयुष्मान कार्ड धारकों को बड़ी राहत देने जा रहे हैं। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि उत्तर प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) द्वारा शेष 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ जल्द ही एमओयू साइन किया जाएगा।
प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं, जिनमें से प्रयागराज स्थित कैंटोनमेंट अस्पताल में पहले से ही आयुष्मान कार्ड धारकों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। वहां मिल रहे सकारात्मक परिणामों को देखते हुए सरकार ने इस सुविधा का विस्तार पूरे प्रदेश में करने का निर्णय लिया है।
स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में जनवरी 2026 से आयुष्मान कार्ड धारकों को कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मरीजों को मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, निःशुल्क जांच और गंभीर रोगियों के लिए मुफ्त परिवहन (पिक एंड ड्रॉप) की सुविधा भी दी जा रही है।
अब एमओयू के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना स्थित कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारकों का उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। इससे प्रदेश में योजना के तहत पैनल्ड अस्पतालों की संख्या में और वृद्धि होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित