अयोध्या , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यहां हनुमानगढ़ी तथा श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने भगवान के चरणों में शीश झुकाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।उन्होने अपने दौरे की शुरुआत संकटमोचन हनुमान मंदिर से की, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे राम मंदिर पहुंचे और वहां विराजमान राम लला दर्शन कर आरती उतारी तथा मंदिर की परिक्रमा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। हनुमानगढ़ी में मुख्यमंत्री ने संत-महंतों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने महंत प्रेमदास महाराज से भेंट की और अन्य संतों से भी संवाद किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर रामकथा हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित