देहरादून , अप्रैल 13 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मंगलवार को देहरादून दिल्ली एक्सप्रेस वे के लोकार्पण समारोह की सभी तैयारी पूरी हो चुकी हैं। उनके आत्मीय स्वागत को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खासकर बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड के हरिद्वार, रुड़की तथा देहरादून जनपद की आम जनता भी पलक पांवड़े बिछाकर आतुरता से प्रतीक्षा कर रही है।
प्रधानमंत्री के आगमन से तकरीबन 20 घंटे पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के सीमावर्ती आयोजन स्थल जनपद सहारनपुर की बिहारीगढ़ तहसील के गणेशपुर गांव में पहुंचे। यही वह स्थान है, जहां प्रधानमंत्री श्री मोदी इस एक्सप्रेस वे में आने वाले एशिया के सबसे महत्वपूर्ण शिवालिक की पहाड़ियों यानी मोहंड (उत्तर प्रदेश) में बने 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर, जो एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है , का लोकार्पण करेंगे।
इस कॉरिडोर को इस तरह बनाया गया कि सड़क पर तेज गति से वाहन दौड़ते रहेंगे और उसके नीचे वन्य जीवों की आवाजाही भी अनवरत जारी रहेगी। और तो और वन्य जीवों को वाहनों की आवाज भी सुनाई नहीं देगी। इसके लिए बाकायदा साउंड प्रूफ शीट लगाई गई हैं।
प्रधानमंत्री पहले देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर उतरकर हेलिकाप्टर से सहारनपुर के गणेशपुर में विशेष रूप से बने हेलीपेड उतरेंगे। यहां से थोड़ी दूर तक रोड शो करते हुए डाट काली मंदिर पर जाएंगे। यह वह मंदिर है, जो उत्तर प्रदेश सीमा में है। इसके तुरंत बाद उत्तराखंड सीमा शुरू होती है।
प्रधानमंत्री वहां पूजा-अर्चना करने के बाद देहरादून जाकर रोड शो और जनसभा करेंगे। मिनट दर मिनट शेड्यूल के अनुसार, प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:50 बजे देहरादून एयरपोर्ट से गणेशपुर में बनाए गए हेलीपेड पर उतरेगा। इसके बाद 11:10 एलिवेटेड रोड का व्यू प्वाइंट देखेंगे। यहां पर उनका स्वागत फूल बरसाकर किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इसके बाद 11:35 बजे कार में सवार होकर मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे। वहां पर पूजन के बाद देहरादून के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां से जनसभा को संबोधित करते हुए लोकार्पण का लाइव गणेशपुर में भी दिखाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित