लखनऊ , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सामाजिक न्याय के पुरोधा और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की 38वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

योगी ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि शोषित-वंचितों के सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणास्पद रहेगी। जननायक कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय को व्यवहारिक धरातल पर उतारने का कार्य किया और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आजीवन संघर्ष किया।

उधर, 17 फरवरी को उनकी 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बिहार की राजनीति में भी एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कर्पूरी ठाकुर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से भी इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। राजद ने पटना के ऐतिहासिक बापू सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।

जननायक कर्पूरी ठाकुर की राजनीतिक विरासत को लेकर बिहार की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी और श्रेय लेने की होड़ देखने को मिल रही है। सामाजिक न्याय की राजनीति के प्रतीक माने जाने वाले कर्पूरी ठाकुर आज भी विभिन्न दलों के लिए प्रेरणा और राजनीतिक विमर्श का केंद्र बने हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित