लखनऊ , अप्रैल 05 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतेंदु नाट्य अकादमी के संपूर्ण भवन एवं दोनों प्रेक्षागृहों के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने न केवल नाट्य प्रस्तुति का आनंद लिया, बल्कि कला क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ कलाकारों एवं पूर्व छात्रों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आनंदमठ पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देखी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने 'रंगवेद' पत्रिका का विमोचन किया और परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर भारतेंदु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रति शंकर त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब एक नन्ही बच्ची मंच पर पहुंची और मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने बच्ची का उत्साहवर्धन करते हुए उसे चॉकलेट भेंट की।
मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए गए प्रमुख कलाकारों में राम गोपाल बजाज, डॉ. अनिल रस्तोगी, अजय मलकानी,रविशंकर खरे, चित्रा मोहन, मुनीश सपोल, डॉ. अजित सैगल, राकेश निगम, प्रमोद सिंह राणा, आलोक पांडेय, कुशल दुबे और राकेश पांडेय सहित अन्य लोग शामिल रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कला और संस्कृति को नई दिशा देते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित