लखनऊ , जनवरी 23 -- स्वाधीनता आंदोलन के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हजरतगंज स्थित नेताजी सुभाष चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
योगी ने कहा कि क्रांतिकारियों के सिरमौर के रूप में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने भारत की आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। उनका विराट व्यक्तित्व और अदम्य साहस आज भी हर भारतीय को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि 'तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा' और 'दिल्ली चलो' जैसे नारों ने देशवासियों के भीतर आजादी की अलख जगाई और युवाओं में जोश भर दिया।
उन्होने कहा कि नेताजी ने देश में रहते हुए ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहकर भी भारत की स्वतंत्रता के लिए जो योगदान दिया, वह अविस्मरणीय है। आज पूरा देश उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनकी पावन स्मृतियों को नमन कर रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित