मास्को , नवंबर 16 -- यूरोपीय मामलों के फ्रांसीसी मंत्री बेंजामिन हद्दाद ने कहा है कि अगर यूरोपीय संघ के देश रूस की जब्त संपत्तियों के इस्तेमाल करने का निर्णय करते हैं तो इस धन का उपयोग रक्षा उद्योग और हथियारों के निर्माण में सहायता के लिये किया जा सकता है।

यूरोपीय आयोग यूरोपीय संघ के देशों को इस बात के लिए राजी करने की कोशिश में लगा है कि रूसी केंद्रीय बैंक की संपत्तियों का इस्तेमाल यूक्रेन की मदद के लिए किया जाय। बेल्जियम की सवांद समिति बेल्गा ने बताया कि लगभग 140 अरब यूरो (161 अरब डॉलर) की रूसी धनराशि का इस्तेमाल तथाकथित क्षतिपूर्ति ऋण के रूप में किया जा सकता है। यह राशि यूक्रेन तभी चुकाएगा जब उसे 'रूस से क्षति का मुआवज़ा' मिलेगा। बेल्जियम हालांकि इस योजना का विरोध कर रहा है।

श्री हद्दाद ने एक फ्रांसिसी समाचार चैनल एलसीआई को बताया, "यूरोपीय धन या ज़ब्त संपत्तियों का इस्तेमाल, अगर इस तरह के इस्तेमाल के ढाँचे पर कोई समझौता हो जाता है, तो इसका उपयोग यूरोपीय रक्षा उद्योग और यूरोपीय हथियारों के निर्माण में किया जाएगा।" उन्होंने यह भी कहा कि रूसी संपत्तियों को लेकर यूरोपीय संघ के देशों के बीच अभी भी कोई सहमति नहीं बन पाई है। फ्रांस का कहना है कि किसी भी स्थिति में अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन होना चाहिए।

श्री हद्दाद ने कहा कि यूरोपीय संघ के नेता 23 अक्टूबर के शिखर सम्मेलन में यूक्रेन को ऋण देने के लिए रूसी केंद्रीय बैंक की ज़ब्त संपत्तियों का उपयोग करने के यूरोपीय आयोग के प्रस्ताव पर सहमत नहीं हो पाए। यूरोपीय परिषद की 18-19 दिसंबर को होने वाली बैठक में इस मुद्दे पर फिर से विचार किया जाएगा।

यूक्रेन के खिलाफ वर्ष 2022 से रूस के सैन्य अभियान की शुरुआत के बाद यूरोपीय संघ और G7 ने रूस के लगभग आधे विदेशी मुद्रा भंडार को ज़ब्त कर लिया। यह कुल मिलाकर लगभग 300 अरब यूरो था। इसमें से लगभग 200 अरब यूरो यूरोपीय खातों, खासकर बेल्जियम स्थित क्लियरिंग हाउस यूरोक्लियर में जमा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित