लखनऊ , फरवरी 04 -- विश्व कैंसर दिवस पर बुधवार को जन भवन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और जन भवन, उत्तर प्रदेश के बीच एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू पर जन भवन की ओर से विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे तथा सीरम इंस्टीट्यूट की ओर से कर्नल संदीप कौशल ने हस्ताक्षर किए।
समझौते के तहत प्रदेश के आठ आकांक्षी जिलों चित्रकूट, फतेहपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, चंदौली और सोनभद्र के आदिवासी व जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत कुल तीन लाख डोज उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे लगभग डेढ़ लाख बालिकाएं लाभान्वित होंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत जन भवन, लखनऊ में जनपद बहराइच स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बोझिया की 25 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन देकर की गई।
इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि 9-14 वर्ष की बालिकाओं का समय पर टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करेगा। उन्होंने वैक्सीन निर्माण और निःशुल्क टीकाकरण जैसे प्रयासों को जनहितकारी बताते हुए सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी प्रेरणा से अब तक प्रदेश में लगभग 40 हजार बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन हेतु एचपीवी टीकाकरण दिया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित