लखनऊ , फरवरी 03 -- उत्तर प्रदेश पुलिस में बतौर सिपाही भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष 32,679 पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत होने वाली लिखित परीक्षा की तिथियां जारी कर दी हैं।

बोर्ड के अनुसार सिपाही भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8 जून (सोमवार), 9 जून (मंगलवार) और 10 जून (बुधवार) को आयोजित होगी। परीक्षा तीनों दिनों में दो-दो पालियों में कराई जाएगी। परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड और अन्य दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर समय से जारी किए जाएंगे।

प्रदेश सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सिपाही भर्ती-2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान किया गया है। यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के तहत लागू किया गया, जिससे आयु सीमा के कारण बाहर हो रहे हजारों युवाओं को अवसर मिला है।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में प्रदेश में कांस्टेबल के 60,244 पदों पर भर्तियां की गई थीं, जो अब तक की सबसे बड़ी भर्ती रही। चयनित पदों में से 20 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित