लखनऊ , जनवरी 25 -- गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के कुल 715 अधिकारियों सहित कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रदेश भर के विभिन्न जनपदों, कमिश्नरेट, एसटीएफ, पीएसी, यूपी-112, रेडियो मुख्यालय, सुरक्षा मुख्यालय और अन्य विशेष इकाइयों में तैनात पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह तथा प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण, रजत और प्लेटिनम) प्रदान किये जायेंगे।

उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह पाने वालों की टॉप सूची में इंस्पेक्टर सदाशिव मौर्य, पवन कुमार सिंह, लोकेंद्र कुमार झा, हरिकेश राय, विनय कुमार सिंह, गुलाब त्रिपाठी और दिलीप कुमार मिश्र के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा सब-इंस्पेक्टर स्तर पर क्यूआर सिंह, प्रदीप कुमार सिंह और सूर्यभान द्विवेदी को भी उत्कृष्ट श्रेणी में चुना गया है।

सम्मान सूची में निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक के नाम शामिल हैं। चयन सेवा अभिलेख, साहसिक कार्य, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और आपात सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर सूची में शामिल किया गया है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा सम्मान भी दिया गया है, जबकि कई अधिकारियों व कर्मचारियों को उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण, रजत और प्लेटिनम) से नवाजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित