लखनऊ , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार सुबह यूपी कालेज में बीएससी छात्र की हत्या को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
श्री राय ने कहा है कि "प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में दिनदहाड़े हत्या होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। अब शिक्षण संस्थान भी सुरक्षित नहीं रहे।"उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मांग की कि अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि उदय प्रताप कॉलेज परिसर में बीएससी के छात्र सूर्यप्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक सूर्यप्रताप सिंह मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला था और कॉलेज के कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में मौजूद था, तभी हमलावर ने उसे निशाना बनाते हुए गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिस्टल मौके पर फेंककर फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित