लखनऊ , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर वन्य जीवों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। सीतापुर के खैराबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए तस्कर के पास से एसटीएफ ने रोजरिंग प्रजाति के 803 तोते बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को शांतिनगर कजियारा इलाके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान शिवम पुत्र स्वर्गीय पप्पू निवासी कांशीराम कॉलोनी, खैराबाद के रूप में हुई है। एसटीएफ को पहले से सूचना मिली थी कि एक तस्कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पक्षियों को सीतापुर से दिल्ली ले जाने की फिराक में है। इस सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में टीम ने वन विभाग और वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से पक्षियों के व्यापार से जुड़ा है, लेकिन अधिक मुनाफे के लिए उसने प्रतिबंधित तोतों की तस्करी शुरू कर दी। ये पक्षी लखीमपुर खीरी, रामपुर और पीलीभीत के जंगलों से लाकर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में बेचे जाते थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खैराबाद में वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। वहीं, बरामद तोतों को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित