भोपाल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में प्रदेश की बढ़ती भागीदारी हम सभी के लिए गौरव का विषय है और वर्ष 2025 में चयनित अभ्यर्थी वर्ष 2047 के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के शिल्पकार होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव यहां कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में यूपीएससी-2025 में चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश से 61 अभ्यर्थियों का चयन बदलते मध्यप्रदेश की तस्वीर प्रस्तुत करता है और यह उनकी मेहनत एवं संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं के कंधों पर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों के कल्याण और विकास का महत्वपूर्ण दायित्व है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों पर आधारित 'मध्यप्रदेश की प्रतिभाओं का परचम' पुस्तिका के डिजिटल संस्करण का लोकार्पण किया तथा अभ्यर्थियों पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल सेवा में चयन लोकतांत्रिक व्यवस्था में सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है और चयनित अभ्यर्थियों का चिंतनशील, संवेदनशील एवं परिश्रमी होना उन्हें सफल बनाने के साथ-साथ प्रदेश की प्रगति का स्तंभ भी बनाएगा। उन्होंने कहा कि अंत्योदय, नवाचार, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अभ्यर्थी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें।

उन्होंने शहीद दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान से हमें स्वराज मिला और अब सुराज स्थापित करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने अभ्यर्थियों से जीवन भर सीखने की ललक बनाए रखने का आह्वान किया।

अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने बताया कि इस वर्ष देशभर से 958 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं, जिनमें मध्यप्रदेश के 61 अभ्यर्थी शामिल हैं। इनमें से 22 अभ्यर्थी शासकीय स्कूल-कॉलेज से शिक्षित हैं और सोहागपुर व सिरोंज जैसे छोटे शहरों से भी चयन हुआ है।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय स्तर पर 5वीं रैंक प्राप्त ईशान भटनागर और 260वीं रैंक प्राप्त प्राची चौहान सहित अन्य अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों से संवाद भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित