रायपुर , मार्च 12 -- संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वैभवी अग्रवाल ने गुरुवार को रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों से सौजन्य मुलाकात की। अधिकारियों ने इस अवसर पर उन्हें उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने वैभवी अग्रवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनकी तैयारी की प्रक्रिया पर चर्चा की। इस दौरान उनके परिजन अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल सहित रायपुर रेल मंडल के अधिकारी संजय अग्रवाल और पीयूष केडिया मौजूद रहे।

श्री दयानंद ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में चयन कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वैभवी की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह दर्शाती है कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने वैभवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपने कार्यकाल में देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

वहीं वैभवी ने अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। सफलता के लिए अनुशासन, धैर्य और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित