लखनऊ , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 'सुगम दर्शन' टूर पैकेज की शुरुआत की है। इस सेवा के माध्यम से लखनऊ से अयोध्या जाने वाले श्रद्धालु बिना लंबी कतारों में प्रतीक्षा किए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में रामलला के दर्शन कर सकेंगे। यह विशेष व्यवस्था अयोध्या जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार की गई है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 से संचालित लखनऊ-अयोध्या टूर पैकेज को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब एक दिवसीय आरामदायक यात्रा के लिए टेंपो ट्रैवलर सेवा 21 फरवरी से शुरू की जा रही है। इच्छुक यात्री यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
यात्रा प्रातः 8:00 बजे लखनऊ के होटल गोमती से प्रारंभ होकर लगभग 10:30 बजे अयोध्या पहुंचेगी। दर्शन क्रम में हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि और कनक भवन शामिल हैं। दोपहर में सरयू गेस्ट हाउस में भोजन के बाद राम की पैड़ी तथा नागेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। सायं लगभग 8:30 बजे लखनऊ वापसी होगी।
टूर पैकेज में सुगम दर्शन, आरामदायक यात्रा, भोजन, चाय, स्थानीय गाइड और पेयजल की सुविधा शामिल है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,500 रुपये तथा अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रत्येक यात्री को स्मृति-चिन्ह भी प्रदान किया जाएगा। यूपीएसटीडीसी 'लखनऊ दर्शन' डबल डेकर बस सेवा सहित नैमिषारण्य, वाराणसी-प्रयागराज और दुधवा के लिए भी आकर्षक टूर पैकेज संचालित कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित