रांची, 22अक्टूबर (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने छठ पूजा स्थलों की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए आज सुबह से ही विभिन्न तालाबों, धुर्वा डैम कांके डैम और स्वर्ण रखा नामकुम का निरीक्षण किया।

श्री सेठ ने बड़ा तालाब के अर्पण द्वार पर पहुंचकर श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा सामग्री केवल निर्धारित स्थानों पर ही प्रवाहित करें ताकि अन्य भागों में गंदगी न फैले। उन्होंने कहा कि छठ पूजा हम सभी का पर्व है. हमें इसकी गरिमा बनाए रखनी चाहिए। नगर निगम ने व्यवस्थाएं की हैं हमें सहयोग करना चाहिए।

श्री सेठ ने यह भी जानकारी दी कि छठ महापर्व को यूनेस्को की सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल करवाया गया है, जिससे अब पूरी दुनिया इस पर्व की महिमा और महत्व को समझेगी। उन्होंने बताया कि बड़ा तालाब में पिछले सौ वर्षों से छठ पूजा होती आ रही है और इसी को ध्यान में रखते हुए दो साल पहले लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से एक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया था। लेकिन वह प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हो सका, जिसका नतीजा है कि तालाब का पानी आज भी प्रदूषण के कारण हरा दिखाई दे रहा है।

फिर भी नगर निगम और सफाई कर्मियों की ओर से लगातार प्रयास किया जा रहा है कि छठ पूजा तक सभी घाटों को साफ-सुथरा रखा जाए और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित