मथुरा , जनवरी 27 -- केंद्र सरकार के यूजीसी बिल के विरोध में मंगलवार को मथुरा में विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिल को वापस लेने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए और पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लगाए गए। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर यूजीसी बिल को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की।
परशुराम शोभा यात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल शर्मा ने कहा कि यूजीसी बिल सवर्ण समाज के हितों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून हिंदू समाज और उच्च जाति के भविष्य को प्रभावित करने वाला है। वहीं प्रदर्शन में शामिल संजय हरियाणा ने सरकार पर बिना व्यापक चर्चा के कानून लाने का आरोप लगाया और इसे 'काला कानून' करार दिया।
प्रदर्शन में परशुराम शोभा यात्रा समिति, श्री वामन भगवान महोत्सव समिति और अखिल भारतीय गौड़ मंडल सहित अन्य संगठन शामिल रहे। प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति पर नजर रखी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित