देवरिया , फरवरी 06 -- विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों के विरोध में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में समान न्याय संघर्ष समिति के तत्वावधान में चल रहे "मांगपत्र अभियान" के तहत शुक्रवार को पांचवें दिन भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपना मांगपत्र भरा।
समिति द्वारा शहर के सुभाष चौक पर लगाए गए कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति तक अपनी बात पहुंचाने के लिए मांगपत्र भरे। आयोजकों के अनुसार, शुक्रवार को लगभग 600 से अधिक लोगों ने कैंप स्थल पर मांगपत्र भरा, जबकि पूरे जनपद से अब तक करीब 3200 से अधिक मांगपत्र एकत्र किए जा चुके हैं।
समिति के सदस्यों ने बताया कि एकत्रित मांगपत्र आगामी 16 फरवरी को देवरिया के चंडिका छात्रावास मैदान में प्रस्तावित महापंचायत के माध्यम से जिला प्रशासन को सौंपे जाएंगे, जिन्हें राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने यूजीसी के नए नियम-2026 को समाज के हितों के प्रतिकूल बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। उन्होंने आम लोगों से संवाद कर अभियान में भागीदारी करने और अधिक से अधिक संख्या में मांगपत्र भरने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित