लखनऊ , जनवरी 27 -- यूजीसी के नए नियम के खिलाफ सवर्ण समाज मे काफी उबाल है। मंगलवार को लखनऊ के परिवर्तन चौराहे पर करणी सेना ने जोरदार प्रदर्शन कर वापस लेने की मांग दोहराई। इस दौरान हजरतगंज की तरफ जाने की कोशिश कर रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने एसीपी को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंप कर प्रदर्शन किया। संगठन ने यूजीसी एक्ट को वापस लेने या उसमें संशोधन करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू ने कहा कि यूजीसी का नया नियम सामान्य वर्ग के प्रति नकारात्मक सोच से प्रेरित है, जिससे समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र संशोधन नहीं हुआ तो शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और अपराध बढ़ने की भी आशंका है।
ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षा के क्षेत्र को राजनीति और जातिगत द्वेष से मुक्त रखा जाना चाहिए तथा छात्रों और शिक्षकों का मूल्यांकन केवल योग्यता, परिश्रम और नैतिकता के आधार पर होना चाहिए। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि एससी/एसटी एक्ट का दुरुपयोग कर सवर्ण समाज को परेशान किया जाता है, जिसे लेकर कई उच्च न्यायालय भी टिप्पणी कर चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित