लखनऊ , फरवरी 10 -- अपना दल (कमेरावादी) की नेता और विधायक पल्लवी पटेल के नेतृत्व में मंगलवार को राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की नई गाइडलाइन को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर आईटी चौराहे से पुलिस लाइन तक मार्च निकाला।

मार्च के दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। जैसे ही प्रदर्शन पुलिस लाइन के पास पहुंचा, पुलिस ने आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और विधायक पल्लवी पटेल के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए पल्लवी पटेल समेत सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को बाद में इको गार्डन भेज दिया गया। पल्लवी पटेल को पुलिस वैन में बैठाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रदर्शन के मद्देनज़र मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन कार्रवाई की गई। वहीं, पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबाने की कोशिश की गई और सरकार यूजीसी गाइडलाइन को लेकर गंभीर नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित