भदोही , मार्च 22 -- लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह "मुन्ना" ने यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) के दिल्ली स्थित कार्यालय को बिना नोटिस खाली कराए जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला करार दिया है।

रविवार को भदोही जनपद के चौरी में आयोजित पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए इस प्रकार की कार्रवाई करना पूर्वाग्रह से ग्रसित निर्णय है। उन्होंने कहा कि संविधान में गंभीर अपराधियों को भी दंड से पहले कानूनी प्रक्रिया का अवसर दिया जाता है, लेकिन यहां ऐसा नहीं किया गया।

अखिलेश सिंह ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आवाज दबाने का प्रयास है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में पत्रकार, व्यापारी, किसान और आमजन सभी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो पार्टी कार्यकर्ता सड़क से सदन तक विरोध प्रदर्शन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित