चंडीगढ़ , फरवरी 04 -- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (यूएचबीवीएन) ने अपने एलडीसी और यूडीसी कर्मचारियों की डेपुटेशन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। निगम द्वारा जारी ताजा कार्यालय आदेश के अनुसार, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) हिसार में तैनात कर्मचारियों की डेपुटेशन अवधि अब अधिकतम पांच वर्ष तक बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित कर्मचारी वर्ष 2022 और 2023 में तीन वर्ष की अवधि के लिए डीएचबीवीएन में डेपुटेशन पर भेजे गए थे। अब सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद उनकी अवधि में दो वर्ष की अतिरिक्त बढ़ोतरी की गई है। आदेश के तहत एलडीसी कर्मचारियों की डेपुटेशन अवधि 15 सितंबर 2027 तक जबकि यूडीसी कर्मचारियों की अवधि 1 जनवरी 2028 तक प्रभावी रहेगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में डेपुटेशन अवधि पांच वर्ष से अधिक नहीं होगी।
निर्धारित अवधि पूरी होने के उपरांत संबंधित कर्मचारियों को उनके मूल विभाग यूएचबीवीएन में वापस भेजना अनिवार्य होगा। इस संबंध में डीएचबीवीएन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह आदेश हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) की मंजूरी तथा वित्त विभाग की सहमति के बाद जारी किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित