जयपुर , जनवरी 12 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा है कि युवाओं की ऊर्जा, सोच और संकल्प से ही भारत एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।

श्री देवनानी ने सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं देश के समस्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन हमें आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण, सेवा भाव और राष्ट्रभक्ति का मार्ग दिखाता है। युवा दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के भी निर्माता हैं।

उन्होंने कहा कि आज का युवा शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। आवश्यकता है कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करें।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन का आधार बनाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करें और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित