भरतपुर , फरवरी 09 -- राजस्थान में राजीव गांधी युवा मित्र योजना की सभी सेवाएं खत्म कर देने से आक्रोशित युवा मित्रों ने सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट से संभागीय आयुक्त कार्यालय तक रैली निकाली।
युवा मित्रों ने कहा कि सरकार ने योजना के साथ राजीव गांधी का नाम जुड़ा होने के कारण उनकी सेवाएं खत्म कर दी हैं जिसकी वजह से बेरोजगार होने के बाद कई युवा मित्रों की सदमे में मौत हो गई है और दो ने आत्महत्या कर ली।सरकार को अगर राजीव गांधी के नाम से दिक्कत थी तो वह योजना का नाम बदल सकते थे, लेकिन सरकार ने युवाओं से रोजगार छीनकर गलत काम किया है।
युवा मित्रों ने कहा कि सरकार इस पर कोई सुनवाई करने को तैयार तक नहीं है। युवा मित्रों ने माँग की है कि सरकार अटल प्रेरक की भर्ती करने जा रही है उसमें अनुभव के आधार पर युवा मित्रों को मौका दिया जाए नहीं तो आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित