पौड़ी , नवम्बर 23 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जनपद के केवर्स गांव का युवा मत्स्य किसान यशवंत कुमार पहाड़ में स्वावलंबन और आजीविका के नए मॉडल के रूप में तेजी से उभर रहा है।
जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने रविवार को बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आत्मनिर्भर पहाड़ नीति के तहत मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की पहल का लाभ उठाकर यशवंत ने सीमित संसाधनों में सफलता की नई कहानी लिखी है।
यशवंत ने मत्स्य विभाग की योजना का लाभ लेते हुए अपने फार्म में करीब 15 हजार रुपये के मछली बीज डाले। विभाग की ओर से 13 मीटर लंबे, सात मीटर चौड़े और 1.5 मीटर गहरे तालाब के निर्माण के लिए 1.31 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। यह सहायता उनके लिए आर्थिक मजबूती का आधार बनी।
पिछले वर्ष यशवंत ने 2.25 क्विंटल मछली उत्पादन कर लगभग 35 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। पहाड़ के कठिन भूगोल और सीमित कृषि भूमि के बावजूद यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरक उदाहरण साबित हो रही है।
यशवंत बताते हैं कि उन्होंने वर्ष 2022-23 में पहला फिश टैंक बनाया था। वर्तमान में उनके फार्म में तीन प्रजातियों के करीब 1500 मछली सीड मौजूद हैं। साथ ही उन्होंने मछली भंडारण की व्यवस्था विकसित की है, जिससे उत्पादन की गुणवत्ता और विपणन क्षमता बढ़ी है।
मत्स्य पालन के साथ-साथ यशवंत अपनी 1.5 नाली भूमि में सब्ज़ी उत्पादन भी कर रहे हैं। वर्ष 2017 से वे विभिन्न सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं और 2018 में लगाए गए पॉलीहाउस से उनकी आय में और वृद्धि हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित