बालोद , जनवरी 12 -- त्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद जयंती (युवा दिवस) के अवसर पर आज बालोद जिले को विकास की बड़ी सौगात दी है। सोमवार को नगर पंचायत मुख्यालय गुंडरदेही में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने कुल 233 करोड़ रुपये की लागत वाले 103 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

इस दौरान उन्होंने गुंडरदेही के विकास के लिए खजाना खोलते हुए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए एक करोड़ रुपये और प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य हेतु एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने शहर में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण का भी भरोसा दिलाया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि 163.88 करोड़ रुपये के 61 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 69.82 करोड़ रुपये के 42 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले व्यावसायिक परिसर से क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार और व्यवसाय के नए अवसर मिलेंगे। वहीं, सड़कों और पुलों के निर्माण से यातायात सुगम होगा और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में डबल इंजन की सरकार तेजी से काम कर रही है। महतारी वंदन योजना से महिलाएं सशक्त हो रही हैं, वहीं तेंदूपत्ता संग्राहकों को उचित दाम और चरण पादुका योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी पुनर्वास नीति अपनाई गई है, जिससे बस्तर में शांति लौट रही है और विकास की गति तेज हुई है।

कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दृढ़ संकल्प से राज्य का सर्वांगीण विकास हो रहा है। जो बस्तर कभी नक्सलवाद के लिए जाना जाता था, आज वह शांति और समृद्धि की ओर अग्रसर है। वीबीजी राम जी योजना के तहत अब ग्राम स्तर पर विकास संभव हो पा रहा है।

गुंडरदेही पहुंचने पर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें लड्डुओं से तौला गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

इस अवसर पर पूर्व सांसद मोहन मंडावी, पूर्व विधायक राजेंद्र राय, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी योगेश पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित