नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- कांग्रेस ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की और कहा कि यह सब असली मुद्दों से ध्यान भटकाने तथा परेशान करने वाली राजनीति का हिस्सा है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने मंगलवार को यहां जारी बयान में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को अवैध बताया और कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने इसे डराने की राजनीति बताया और कहा कि कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है।

श्री रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा "युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और उनके साथी कार्यकर्ताओं की खुलेआम अवैध गिरफ्तारी की कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है। साफ तौर पर यह एक शांतिपूर्ण और वैध विरोध प्रदर्शन था। प्रधानमंत्री स्पष्ट रूप से एप्सटीन फाइल्स में हुए खुलासों से विचलित हैं। साथ ही उन्हें किसानों के बढ़ते आक्रोश का भी सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्होंने उनके साथ विश्वासघात किया है और व्यापार समझौते के मुद्दे पर राष्ट्रपति ट्रंप के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।"उन्होंने आगे कहा कि यह सब परेशान करने की राजनीति के अलावा कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री अपने और अपनी सरकार से जुड़े असहज सच से ध्यान भटकाने के लिए बेचैन हैं लेकिन देश की जनता असलियत को समझती है और उसे पहचान चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित