रामनगर , फरवरी 22 -- उत्तराखंड के देहरादून में निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौटियाल के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद आज रामनगर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया।

रामनगर के लखनपुर चुंगी पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके समर्थकों ने निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के कार्यालय में जाकर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की, जो अत्यंत निंदनीय और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ भी जमकर नारे लगाए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुमित लोहनी ने कहा कि इस घटना ने भाजपा नेताओं के आचरण और संस्कारों को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी के साथ इस प्रकार की घटना न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है,बल्कि प्रदेश में बढ़ती अराजकता और गुंडागर्दी की ओर भी संकेत करती है।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि एक उच्च पदस्थ अधिकारी भी सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है, युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले में तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए विधायक को पद से बर्खास्त किया जाए और निदेशक प्रारंभिक शिक्षा को न्याय दिलाया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित