बारां , फरवरी 06 -- राजस्थान में बारां के कोतवाली थाना क्षेत्र में कोटा मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने शुक्रवार को बारां जिला युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा पर गोली चलाई जिसमें वह बाल बाल बच गए।

इसके बाद वह सीधे थाने पहुंचे जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन निशाना चूकने से वह बच गए। श्री शर्मा ने बताया कि वह अपने घर से शहर के आराध्य श्रीजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कोटा मार्ग पर एक मोटर साइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर घात लगाकर हमला कर दिया और गोली चलाई। हमले के बाद तीनों बदमाश फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हाे गयी। पुलिस ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित