मथुरा , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को कान्हा की नगरी में आस्था और राजनीति का नया अध्याय लिखा।

अक्षयपात्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद दोनों दिग्गजों ने ठाकुर बांकेबिहारी के चरणों में हाजिरी लगाई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने नितिन नवीन को 'युवा ऊर्जा का प्रतीक' बताया, वहीं यूपी की बदलती साख का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया।

योगी ने कहा कि नितिन नबीन युवा ऊर्जा के धनी हैं। बिहार विधानसभा में पांच बार के विधायक और संगठन के विभिन्न पदों पर रहने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अध्यक्ष बनने के बाद उनका कान्हा की नगरी में पहला आगमन कार्यकर्ताओं के लिए आह्लादकारी क्षण है। योगी ने जय श्रीराम और राधे-राधे के उद्घोष के साथ आध्यात्मिक और राष्ट्रवादी चेतना का संचार किया। योगी ने भावुक होते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "एक समय था जब यूपी के सामने पहचान का संकट था। लोग यहाँ की विरासत को कोसते थे और बीमारू राज्य होने के कारण हमें अपमानित किया जाता था। लेकिन अब दृष्टिकोण बदल गया है। आज यूपी बीमारू नहीं है, बल्कि देश के विकास का इंजन है।" योगी ने कहा कि आज का युवा और आधी आबादी (महिलाएं) गर्व से कह सकते हैं कि वे यूपी के नागरिक हैं।

सियासी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों नेताओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने ठाकुरजी के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि के साथ 'विकसित भारत' के संकल्प की सिद्धि की प्रार्थना की। मंदिर के सेवायतों ने उन्हें पटुका और प्रसादी भेंट कर सम्मानित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित