जयपुर , जनवरी 12 -- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और प्रतिभा को प्रदेश का भविष्य बताते हुए सोमवार को कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि विकसित राजस्थान की यात्रा में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो और उनके सपनों को पंख मिले।

श्री शर्मा आज यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में राज्यस्तरीय युवा महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के साथ राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय युवा दिवस केवल एक तिथि नहीं बल्कि युवा शक्ति को नमन करने का दिवस है। जिसने हर युग में राष्ट्र की दिशा बदली है। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन "विकसित भारत, विकसित राजस्थान" के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 1893 में कहा था कि "21वीं सदी भारत की होगी" यह केवल प्रेरक पंक्ति नहीं, बल्कि हर युवा के जीवन का मंत्र है। तब एक नरेन्द्र ने जो बात कही थी, अब दूसरे नरेन्द्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ इसे सच करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के विकास में युवाओं की भूमिका को ध्यान में रखते हुए पहली बार युवाओं को प्रदेश के बजट निर्माण में सहभागी बनाने का काम किया है।

उन्होंने कहा , "हमारी सरकार ने युवाओं को गत सरकार के समय होने वाले पेपरलीक से मुक्ति दिलवाकर दोषियों को पकड़ा है। साथ ही परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए 351 परीक्षाएं बिना किसी गड़बड़ी के पूरी कराई हैं। पिछले दो वर्षों में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और करीब एक लाख 43 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। निजी क्षेत्र में भी हमने दो लाख से अधिक रोजगार के मौके प्रदान किए हैं।"श्री शर्मा ने कहा कि आज युवा अपने नवाचार, साहस और उद्यमशीलता से नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा तीन लाख से अधिक युवाओं को आर्थिक क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ही, करीब दो लाख युवाओं को इंटर्नशिप करवाई गई है। इसके साथ हीर 65 आई स्टार्टअप लॉन्चपैड नेस्ट स्थापित किए गए हैं तथा 658 स्टार्टअप्स को करीब साढ़े 22 करोड़ की सहायता प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के अंतर्गत राज्य सरकार ने अब तक कुल 4 लाख से अधिक युवाओं को साढ़े 11 सौ करोड़ से अधिक राशि भत्ते के रूप में वितरित की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को भी प्रोत्साहित किया है। हमने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का सफल आयोजन करने के साथ ही, राजस्थेान टारगेट ओलम्पिक पॉडियम स्कीम शुरू की है। खिलाड़ियों के लिए स्पोटर्स लाइफ इंश्योरेंस स्कीम प्रारंभ गई है जिसमें अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेताओं को 25 लाख रुपये तक का दुर्घटना एवं जीवन बीमा कवरेज उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि विभागीय खेल अकादमियों में आवासित छात्र-छात्राओं को देय राशि 2 हजार 600 रूपये से बढ़ाकर 4 हजार रूपये प्रति महीने किया गया है। एक हजार 754 खिलाडियों को करीब 40 करोड़ की सहायता प्रदान की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित