नयी दिल्ली , मार्च 29 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और जब युवाओं की शक्ति राष्ट्र निर्माण से जुड़ती है तो इससे देश को बहुत बड़ी ताकत मिलती है।
श्री मोदी ने रविवार को आकाशवाणी से प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' की 132वीं कड़ी में कहा कि देश के युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। इसके लिए वह चाहते हैं कि देश के युवा नीति निर्माण और विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाए तथा अपने विचारों और नवाचार से भारत को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान दें।
प्रधानमंत्री ने कहा "मेरा युवा भारत' संगठन देश के युवाओं को विभिन्न सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ रहा है और हाल ही में इसके तहत बजट परिचर्चा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को बजट प्रक्रिया और नीति निर्माण से जोड़ना था। इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 12 लाख युवाओं ने भाग लिया। इसके बाद करीब एक लाख साठ हजार प्रतिभागियों को निबंध प्रतियोगिता के लिए चुना गया, जिनमें से कुछ निबंध पढ़ने का अवसर उन्हें भी मिला।"श्री मोदी ने कहा कि इन निबंधों से स्पष्ट होता है कि देश का युवा विकास में योगदान देने के लिए उत्साहित और प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि इसमें तेलंगाना के सूर्यापेट से कोटला रघुवीर रेड्डी, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से सौरभ बैसवार और बिहार के गोपालगंज से सुमित कुमार ने किसान कल्याण विषय पर अपने विचार रखे हैं। वहीं पंजाब के मोहाली से आंचल और ओडिशा के केंद्रपाड़ा से ओम प्रकाश रथ ने महिला नेतृत्व आधारित विकास को आगे बढ़ाने के सपने अहम सुझाव दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित