पटना , फरवरी 07 -- केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं ग्रामोद्योग विकास योजना के माध्यम से युवाओं, कारीगरों एवं ग्रामीण उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़कर व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आज गांधी मैदान, पटना में संयुक्त राज्य स्तरीय प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं खादी प्रदर्शनी के उद्घाटन तथा ग्रामोद्योग विकास योजनान्तर्गत टूलकिट वितरण कार्यक्रम "खादी महोत्सव-2026" का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्य मंत्री जीतन राम मांझी ने किया।
श्री मांझी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं ग्रामोद्योग विकास योजना समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं, कारीगरों एवं ग्रामीण उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़कर व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। खादी और ग्रामोद्योग 'वोकल फॉर लोकल' एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बिहार सरकार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि बिहार सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में उद्योग, उद्यमिता एवं रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं ग्रामोद्योग विकास योजना के माध्यम से राज्य के युवाओं और कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। ऐसे आयोजन उत्पादों के विपणन के साथ-साथ लाभार्थियों के आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत टूलकिट का वितरण किया गया।कार्यक्रम में पटना साहिब सांसद रवि शंकर प्रसाद ,अमन समीर, निदेशक (एमएसएमई), उद्योग विभाग, बिहार सरकार तथा डॉ. बिद्या नंद सिंह, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड सह हस्तकरघा एवं रेशम निदेशक, उद्योग विभाग सहित अनेक कई महत्वपूर्ण व्यक्ति उपस्थित थे ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित