जयपुर , फरवरी 11 -- राजस्थान के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बुधवार को विधानसभा में प्रस्तुत राज्य बजट को 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को साकार करते हुए 'विकसित राजस्थान 2047' के विजन को मूर्त रूप देने वाला कहा है।

डॉ मीणा ने अपने बयान में कहा कि यह बजट प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, आत्मनिर्भर बनाने और अन्नदाता की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट आमजन, कृषक, पशुपालकों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण वर्ग के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के उद्देश्य से कृषि बजट में इस वर्ष 7.59 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। कृषि विकास, कृषक कल्याण और अन्नदाता की आय में वृद्धि के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग, क्षमता विकास, कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और मार्केटिंग सुधार की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई के विस्तार के लिए वर्ष 2030 तक क्षेत्र को 24 प्रतिशत से बढ़ाकर 51 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आगामी वर्ष लगभग 3 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिस पर एक हजार 340 करोड़ रुपये खर्च होंगे जिससे तीन लाख किसान लाभान्वित होंगे। साथ ही 50 हजार सोलर पंप संयंत्रों की स्थापना पर 1,500 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। उन्नत तकनीक को बढ़ावा देते हुए 200 करोड़ रुपये के अनुदान से 4 हजार किसानों के खेतों पर ग्रीन हाउस, पाली हाउस, शेड नेट, लो टनल और प्लास्टिक मल्च स्थापित किए जाएंगे। उद्यानिकी विकास के तहत औषधीय पौधों, मसाला फसलों, फूलों और सब्जियों की खेती को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि फसलों को नीलगाय, जंगली जानवरों और निराश्रित पशुओं से बचाने के लिए 50 हजार किसानों को 20 हजार किलोमीटर तारबंदी के लिए 228 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। सामुदायिक तारबंदी में न्यूनतम कृषकों की संख्या 10 से घटाकर सात करने का प्रस्ताव किया गया है। दलहनी और तिलहनी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए 70 हजार प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे तथा 135 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख से अधिक किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। मूंग, उड़द, अरहर, सोयाबीन, सरसों और अरंडी जैसी फसलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

डा मीणा ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट युवाओं को अवसर, महिलाओं को सशक्तिकरण, किसानों को समृद्धि और ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की नई दिशा देगा तथा राजस्थान को विकसित राज्य बनाने की दिशा में निर्णायक कदम सिद्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित