अलवर , मार्च 20 -- राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को तीन युवकों द्वारा एक युवती से पर्स छीनने के प्रयास को वहां मौजूद लोगों ने विफल कर दिया और एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गजल रेस्टोरेंट के पास रात करीब आठ बजे स्कूटी पर सवार एक युवती मोबाइल पर बात कर रही थी तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उसका बैग छीनकर भागने लगे। इस पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया तो वे मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गये। युवती उनके पीछे दौड़ी तो युवक उसका बैग फेंककर फरार हो गये।
सूत्रों ने बताया कि बाद में युवक अपनी मोटरसाइकिल लेने आये तो वहां मौजूद लोगों ने एक युवक को दबोच लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित