भरतपुर , मार्च 19 -- राजस्थान में भरतपुर के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र में एक गड्ढे में दफन मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने गुरुवार को मृतक के एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि दो मार्च को सामंतपुरा के जंगलों में एक गड्ढे दफन नरेंद्र का शव बरामद किया था। पुलिस ने जांच के बाद उसके दोस्त कृष्ण गोपाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि नरेंद्र अपने दोस्त कृष्ण गोपाल, पवन और रिंकू के साथ मिलकर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता था। लूट के सामान के बंटवारे को लेकर नरेन्द्र का अपने दोस्तों से विवाद हो गया था। इसी विवाद के कारण नरेन्द्र ने अपने ही दोस्त पवन को मरवाने के लिए उस पर गोली चलवायी। उसी का बदला लेने के लिये पवन ने अपने साथियों कृष्ण गोपाल और रिंकू के साथ मिलकर नरेंद्र की हत्या की साजिश रची और 28 फरवरी को उसे सामंतपुरा के जंगलों की तरफ ले गये। वहां शराब पिलाकर उसने कृष्ण गोपाल और रिंकू के साथ मिलकर उसकी हत्या करके शव जमीन में दबा दिया। पुलिस अब पवन और रिंकू की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित