भोपाल , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और अधमरी हालत में अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घायल युवक दिनेश अहिरवार (22) कोलार क्षेत्र की एक वस्त्र दुकान में विक्रेता के रूप में काम करता है। बताया गया है कि आरोपियों ने उसे कार में जबरन बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाकर करीब दो घंटे तक बेल्ट, डंडों और लात-घूसों से मारपीट की। इस घटना में युवक के हाथ की दो उंगलियों में फ्रैक्चर सहित शरीर पर कई चोटें आई हैं।

घायल युवक की बहन शिवानी अहिरवार ने बताया कि उसके भाई के मोबाइल से फोन कर सूचना दी गई कि दिनेश का दुर्घटना हो गया है और उसे गंभीर चोट आई है। फोन करने वाले ने तुरंत कोलार रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने को कहा। सूचना मिलने पर वह अपनी मां गीता और बहन निकिता के साथ अस्पताल पहुंची, जहां दिनेश का उपचार चल रहा था।

फरियादी दिनेश ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च को दोपहर करीब एक बजे वह बांसखेड़ी पुलिया के पास से पैदल जा रहा था। तभी निक्की शुक्ला, आकाश प्रजापति, तिलक चौहान, दिव्यांशु, नन्नू, अजय और अमन प्रजापति ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उससे कहा कि वह विशु शर्मा के साथ क्यों घूमता है और उनकी उससे पुरानी रंजिश है। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर सोम्या ग्रीन सिटी कॉलोनी के पास सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां उसकी जमकर पिटाई की गई।

लगातार मारपीट के कारण युवक बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसे अस्पताल छोड़कर फरार हो गए और उसके मोबाइल से परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी। कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित