भरतपुर , जनवरी 16 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में करीब एक महीने पहले रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति का जबरन अपहरण करके फ़ोनपे के जरिए दो लाख की फिरौती वसूलने के आरोपी दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कुण्डेरा थाने के हिस्ट्रीशीटर भवानी उर्फ भानू (31) और हिम्मतराम मीणा (28) को आलनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इन पर पुलिस ने पांच हजार हजार एवं दो हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 16 दिसम्बर को सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से आरोपियों ने एक व्यक्ति को जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे देवली के जंगलों में ले जाकर लाठी-डंडों एवं बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की गई। उसके बाद फोन पे के जरिए उससे दो लाख रुपये वसूले गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित