बारां , फरवरी 13 -- राजस्थान के बारां में युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा पर तीन बदमाशों द्वारा पिछले दिनों जानलेवा हमला करने के सात दिन गुजर जाने के बावजूद अपराधियों को पुलिस द्वारा अब तक गिरफ्तार नहीं किये जाने पर कांग्रेसजनों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिशेक अंदासु को ज्ञापन देकर बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमण्डल कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में श्री अंदासु से मिला और उनसे कहा कि शहर के कोटा रोड़ स्थित ओवरब्रिज पर गत छह फरवरी को युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा पर तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गनीमत यह रही कि गोली नहीं चल पायी, जिसके कारण अप्रिय घटना घटित होने से रह गयी। तीनों बदमाश युवकों को पुलिस द्वारा एक सप्ताह का समय गुजर जाने के बावजूद गिरफ्तार नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित