भीलवाड़ा , फरवरी 06 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र में मंडोल बांध गांव में एक युवक पर कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने शुक्रवार को बताया कि दिलीप (18) निवासी फतेहपुरा डाबी, जिला बूंदी अपने एक रिश्तेदार से मिलने मंडोल गांव आया हुआ था। आज मंडोल बांध के पास स्थित एक परिचित के घर पर किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दिलीप की मोटरसाइकिल और उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गयी।
उन्होंने बताया कि घटना के समय उठते धुएं को देखकर वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मोटर साइकिल पूरी तरह जली हुई थी, जबकि युवक के हाथ, पीठ और बाल झुलसे हुए थे। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भीलवाड़ा भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित