नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ए के भल्ला ने श्री खेमचंद सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही अशांत उत्तर-पूर्वी राज्य में लगभग एक साल से लागू राष्ट्रपति शासन का समापन हो गया।
राज्य में पिछले साल 13 फरवरी को राष्ट्रपति शासन लगाया गया था, जब जातीय हिंसा के कारण अस्थिरता के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने 09 फरवरी, 2025 को इस्तीफा दे दिया था।
श्री सिंह के बाद कुकी समुदाय से आने वाली भाजपा विधायक नेमचा किपगेन और नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के विधायक एल डिखो ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
श्री सिंह के शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने औपचारिक रूप से राज्य में राष्ट्रपति शासन हटा लिया था।
इससे पहले दिन में खेमचंद सिंह ने लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया। इस बैठक के दौरान श्री सिंह के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, भाजपा के पूर्वोत्तर समन्वयक डॉ. संबित पात्रा, मणिपुर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष अधिकारिमयूम शारदा देवी और अन्य राजग नेता मौजूद थे।
श्री सिंह को तीन फरवरी को सर्वसम्मति से राजग विधायक दल का नेता चुना गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित