वाशिंगटन/तेल अवीव , अप्रैल 09 -- अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने युद्धविराम में लेबनान को शामिल नहीं किये जाने को लेकर कहा है कि इसमें दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना और हिजबुल्ला आतंकवादियों के बीच चल रहे समानांतर संघर्ष को सुलझाने का कोई वादा कभी नहीं किया गया था।
एयर फ़ोर्स टू पर मीडिया से बात करते हुए श्री वेंस ने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक 'वास्तविक गलतफहमी' का परिणाम है। ईरानियों को लगा कि युद्धविराम में लेबनान भी शामिल है, जबकि ऐसा नहीं था। हमने कभी ऐसा वादा नहीं किया और न ही कभी ऐसा संकेत दिया।" उन्होंने कहा कि युद्धविराम का मुख्य केंद्र ईरान और अमेरिका के सहयोगियों, विशेषकर इजरायल और खाड़ी अरब देशों की सुरक्षा पर था।
श्री वेंस ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वे लेबनान जैसे मुद्दे पर इस बातचीत को विफल करना चाहते हैं, तो यह 'मूर्खता' होगी।
इस बीच, इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने युद्धविराम लागू होने के बाद अपने पहले संबोधन में कहा कि इजरायल और अमेरिका ने ईरान में 'असाधारण उपलब्धियां' हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि ईरान की मिसाइल उत्पादन क्षमताओं को भारी नुकसान पहुँचाया गया है और उसके परमाणु हथियार विकास कार्यक्रम को रोक दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित