भोपाल , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज खंडवा जिले के नर्मदापुरम प्रवास पर रहते हुए नर्मदा नदी में मगरमच्छ छोड़ेंगे।
इस कार्यक्रम के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार माँ नर्मदा के वाहन मगरमच्छ को माँ नर्मदा में बसाने का अपना संकल्प पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मगरमच्छों के आवास के लिए नर्मदा की धारा अत्यंत अनुकूल है। आज मां नर्मदा के जल में मगरमच्छों को छोड़ा जाएगा। राज्य सरकार सभी प्रकार के जीवों के संरक्षण के लिए संकल्पित है। प्रदेश में वन्य जीवों के साथ ही घड़ियाल, मगरमच्छ जैसे सभी प्रकार के जलीय जीवों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।
इसके पहले राज्य में पिछले वर्ष चंबल नदी में घड़ियाल छोड़े गए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी प्रकार के वन्यजीवों के संरक्षण का अभियान चल रहा है। भारतीय संस्कृति में मनुष्य एवं वन्य जीव परस्पर एक-दूसरे पर निर्भर हैं। मां नर्मदा का वाहन निर्मल जल में अठखेलियां करता दिखाई देगा। नर्मदा में मगरमच्छों को छोड़ते समय इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा कि इस जलीय जीव को ऐसे स्थान पर छोड़ा जाए, जहां लोगों को इससे खतरा न हो। मगरमच्छ की मौजूदगी मां नर्मदा के लिए शुभ होगी और यह जल की धारा को सशक्त बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित