नयी दिल्ली , नवंबर 07 -- त्योहारी मांग और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में नयी पीढ़ी के सुधारों के कारण अक्टूबर में यात्री वाहनों और दुपहिया की खुदरा बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया।

वाहन डीलरों के संगठन फाडा द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि अक्टूबर 2025 में यात्री वाहनों की बिक्री 11.35 प्रतिशत बढ़कर 5,57,373 इकाई पर पहुंच गयी। दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर अक्टूबर में 51.76 प्रतिशत बढ़कर 31,49,846 इकाई दर्ज की गयी।

फाडा के अध्यक्ष सी.एस. विग्नेश्वर ने कहा कि वाहनों की खुदरा बिक्री के मामले में अक्टूबर 2025 मील के पत्थर के तौर पर याद किया जायेगा। जीएसटी सुधारों, ग्रामीण मांग बढ़ने और त्योहारी मांग रहने से रिकॉर्ड-तोड़ परिणाम सामने आये हैं। यात्री वाहनों और दुपहिया दोनों की बिक्री अबतक के उच्चतम स्तर पर दर्ज की गयी जो उपभोक्ता विश्वास में नयी ऊर्जा और अर्थव्यवस्था में अंदरूनी लहर को दिखाता है।

तिपहिया की बिक्री 5.43 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,29,517 इकाई दर्ज की गयी, हालांकि इसमें ई-रिक्शा की बिक्री में 15.60 प्रतिशत की गिरावट रही।

ट्रैक्टरों की बिक्री 14.22 फीसदी की वृद्धि के साथ 73,577 पर और वाणिज्यिक वाहनों की 17.69 प्रतिशत बढ़कर 1,07,841 पर पहुंच गयी।

वाहनों की कुल बिक्री में 40.53 फीसदी का जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया और यह 40,23,923 इकाई रही।

फाडा ने बताया कि अक्टूबर में ग्रामीण भारत मांग में वृद्धि का नया ईंजन बनकर उभरा है। उसने अनुकूल मानसून, कृषि आय में वृद्धि और सार्वजनिक बुनियादी ढांचों में सुधार को इसकी वजह बतायी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित