कांकेर, जनवरी 31 -- त्तीसगढ में कांकेर शहर के गौरवपथ पर पंडरीपानी के निकट एक सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार पिता मुकेश मंडावी (45) और उसके नाबालिग पुत्र (02) की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना 31 जनवरी को सायंकाल के समय घटी है। इस दुर्घटना में मृतक मुकेश के दो घायल बच्चों का इलाज जारी है।
पुलिस एवं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर चार सदस्यों (पिता मुकेश और तीन बच्चे) का परिवार सवार था। अचानक सामने से आ रही एक निजी यात्री बस ने नियंत्रण खोकर बाइक को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर की वजह से बाइक सवार सड़क पर काफी दूर जा गिरे। घटनास्थल पर ही बाइक चालक और उसके लगभग 8 वर्षीय पुत्र की मृत्यु हो गई। वहीं, दो नाबालिग बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया है। दुर्घटना नगर के बाईपास क्षेत्र, कोतवाली थाना सीमा में हुई है। इस हादसे के बाद मौके पर लोगों का तांता लग गया और सड़क सुरक्षा को लेकर आक्रोश उभरा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा गति अधिक होने के कारण हादसा हुआ प्रतीत होता है।
उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा गति सीमा का ध्यान रखने की अपील की है। पीड़ित परिवार के सदस्यों से संपर्क कर उन्हें हर संभव कानूनी सहायता देने का भी आश्वासन दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित