भोपाल , अप्रैल 17 -- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में रेल सुरक्षा बल द्वारा यात्री गाड़ियों और रेलवे स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
रेसुबल द्वारा ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से संचालित साइड पेंट्रीकार तथा पेंट्रीकार की आड़ में खाद्य एवं पेय सामग्री बेचने वाले अवैध वेंडरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए विशेष टीमों का गठन कर आउटर क्षेत्रों में तैनाती सुनिश्चित की गई है, वहीं गाड़ियों में अनुरक्षण दल भी सक्रिय रूप से जांच कर रहा है।
रेल अधिनियम की धारा 144 के अंतर्गत वर्ष 2024 में 7 हजार 267 प्रकरण दर्ज कर 98 लाख 50 हजार 291 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 9 हजार 995 प्रकरण और 1 करोड़ 37 लाख 12 हजार 990 रुपये वसूली तक पहुंच गई। वर्ष 2026 में 16 अप्रैल तक 2 हजार 433 प्रकरण दर्ज कर 29 लाख 8 हजार 980 रुपये का अर्थदंड वसूला गया है।
इटारसी स्टेशन, जो चारों दिशाओं से आने-जाने वाली करीब 150 गाड़ियों का प्रमुख जंक्शन है, वहां भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यहां वर्ष 2024 में 3 हजार 157, वर्ष 2025 में 5 हजार 412 तथा वर्ष 2026 में मार्च तक 1 हजार 385 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इसी तरह साइड पेंट्रीकार से जुड़े अवैध वेंडिंग मामलों में वर्ष 2025 में 1 हजार 12 और वर्ष 2026 में मार्च तक 70 प्रकरण दर्ज किए गए। किन्नरों द्वारा की जा रही अनधिकृत गतिविधियों के विरुद्ध भी वर्ष 2025 में 849 और वर्ष 2026 में मार्च तक 216 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि रेल सुरक्षा बल द्वारा ड्रोन, सीसीटीवी और बॉडी-वॉर्न कैमरों जैसे आधुनिक तकनीकी साधनों का उपयोग कर निगरानी रखी जा रही है तथा वाणिज्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध वेंडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित