टिहरी , जनवरी 16 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशानुसार परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा जिले में विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को टिहरी-चम्बा क्षेत्र में संयुक्त रूप से जांच अभियान संचालित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत बिना हेलमेट, बिना पंजीयन, बिना बीमा, बिना कर, ओवरलोड, ओवरस्पीड, एचएसआरपी नंबर प्लेट के अभाव तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन संचालन जैसे मामलों में कुल 39 वाहनों के चालान किए गए, जबकि चार वाहनों को जब्त किया गया।
इसके अलावा, एक वाहन चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित