उत्तरकाशी , मई 05 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ ने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर मंगलवार को एक सराहनीय रेस्क्यू अभियान चलाते हुए सात वर्षीय बालिका का जीवन बचा लिया।

घटना यमुनोत्री धाम से लौटते समय भैरव मंदिर के समीप की है, जहां बालिका अचानक ऑक्सीजन की कमी के कारण अचेत होकर गिर पड़ी।

सूचना मिलते ही मौके पर तैनात एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित निकालकर नजदीकी मेडिकल कैंप पहुंचाया। जांच के दौरान बालिका का ऑक्सीजन सैचुरेशन स्तर मात्र 45 पाया गया, जो अत्यंत गंभीर स्थिति का संकेत था।

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, इतनी कम ऑक्सीजन स्थिति में समय पर उपचार न मिलने पर जान का खतरा बढ़ जाता है। एसडीआरएफ कर्मियों एवं मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट उपलब्ध कराया, जिससे कुछ ही समय में बालिका को होश आ गया और उसकी हालत में तेजी से सुधार होने लगा।

करीब आधे घंटे तक निगरानी के बाद बालिका को पूरी तरह सामान्य होने पर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने एसडीआरएफ टीम के त्वरित और संवेदनशील सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित