ग्रेटर नोएडा , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए निवेश प्रोत्साहन एजेंसी इन्वेस्ट यूपी की अनुशंसा पर तीन बड़ी औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की गई है। इन परियोजनाओं के लिए शीघ्र ही आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे। इन निवेशों से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेज होंगी और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
मंगलवार को प्राधिकरण अधिकारी द्वारा निवेश एवं रोजगार संबंधी जानकारी साझा की गई, जिसमें उन्होंने बताया कि, सबसे बड़ा निवेश एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। कंपनी को सेक्टर-दस में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण के निर्माण हेतु अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। इस परियोजना में लगभग 2029 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे करीब चार हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में सीएनएच इंडस्ट्रियल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-आठ डी में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर निर्माण से संबंधित औद्योगिक इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में लगभग 1219 करोड़ से अधिक रुपए का निवेश किया जाएगा, जिससे 1200 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में भी निवेश को बढ़ावा देते हुए सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-आठ डी में 30000 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब 225 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और 569 लोगों को रोजगार मिलेगा।
इन तीनों परियोजनाओं के माध्यम से कुल मिलाकर लगभग 3475 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश क्षेत्र में आएगा और करीब 5769 लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित