मथुरा , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार तड़के एक निजी यात्री बस आग का गोला बन गई। माइलस्टोन 110 के पास आगरा से नोएडा की ओर जा रही राज कल्पना (संस्कार ट्रेवल्स) की बस में लगी भीषण आग के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेती, उससे पहले ही यात्रियों ने खिड़की और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई।
मिली जानकारी के मुताबिक, बस बांदा से दिल्ली-नोएडा की ओर जा रही थी, गुरुवार सुबह करीब 5:15 बजे अचानक बस से धुआं उठने लगा, देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस के भीतर करीब 10-15 यात्री सवार थे, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। आग लगते ही ड्राइवर ने बस रोकी, जिसके बाद यात्रियों में नीचे उतरने की होड़ मच गई। कई यात्री जान बचाने के लिए चलती आग के बीच ही खिड़कियों से बाहर कूदे।
हादसे की सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस और एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी इस दौरान एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस के मलबे को रास्ते से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
जानकारी के अनुसार, बस में सवार यात्रियों में इजाज (बांदा) अतुल (नोएडा) श्याम सिंह (बांदा) सोनू (कानपुर) सरोज (बांदा) उमा, अजय सोनी, शिवानी, आरती और दयाराम (सभी बांदा निवासी) शामिल थे।
पुलिस और विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या कोई अन्य तकनीकी खामी थी। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि उनका काफी सामान जलकर खाक हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित